धनारी (संभल)। कस्बे के बस स्टैंड के पास हलवाई की दुकान में रद्दी में मिले आधार कार्ड के मामले में बदायूं डाक अधीक्षक कृष्ण चंद्र ने डाकिया समेत दो कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है।
बृहस्पतिवार को कस्बे में एक हलवाई की दुकान पर रद्दी में आधारकार्ड पड़े मिले थे। जिसमें ज्यादातर आधारकार्ड गांव धनारी पट्टी बालू शंकर के ग्रामीणों के थे। मामले का संज्ञान लेते हुए बदायूं डाक अधीक्षक ने मौके पर पहुंच कर जांच की। साथ ही ग्रामीणों के बयान दर्ज किए। जांच में डाक वितरण में लापरवाही की पुष्टि करते हुए डाक अधीक्षक ने डाकिया सृष्टि गौतम व कर्मचारी अमरपाल सिंह को निलंबित कर दिया। डाक अधीक्षक ने बताया कि मामले जांच की है। साथ ही लोगों के बयान भी दर्ज किए हैं। जांच में दोषी पाए जाने पर डाकिया और एक कर्मचारी को निलंबित किया गया है। जांच अभी जारी है। संवाद