एसपी कृष्ण कुमार विश्नोई ने जुनावई थाना क्षेत्र में मजदूर योगेश की हत्या मामले में लापरवाही बरतने पर सिपाही विनीत कुमार और लवकेश को निलंबित कर दिया है। जांच में सामने आया कि मजदूरों से सुरक्षा के नाम पर एक सिपाही ने एक हजार रुपये भी लिए थे। एक सिपाही के खिलाफ केस भी दर्ज किया गया है।
जुनावई थाना क्षेत्र में मजदूर योगेश उर्फ दुर्गेश की पीट-पीट कर हत्या के मामले में लापरवाही बरतने पर बबराला थाना के सिपाही विनीत कुमार और 112 के सिपाही लवकेश पर कार्रवाई की गाज गिर गई है। पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार विश्नोई ने दोनों सिपाहियों पर निलंबन की कार्रवाई करते हुए सिपाही विनीत के खिलाफ मजदूरों से एक हजार रुपये लेने के मामले में मुकदमा दर्ज करने के आदेश थाना बबराला पुलिस को दिए हैं।
विज्ञापन
बता दें कि थाना क्षेत्र के नगला अजमेरी के रहने वाले भुवनेश और योगेश उर्फ दुर्गेश दोनों भाई गुन्नौर थाना क्षेत्र रसूलपुर ढाय के रहने वाले ठेकेदार श्रीनिवास की सूचना पर एक दर्जन लेवर और मिक्सचर मशीन के साथ 18 अगस्त दिन सोमवार को बबराला में बंटी नाम के व्यक्ति के मकान पर लिंटर डालने गए थे।
शाम को लिंटर डालने के बाद मजदूरी के पैसे मांगने पर ठेकेदार ने भुवनेश और योगेश पर गुन्नौर में दो दिन पहले डाले गये लिंटर को गलत बताते हुए पैसे देने से इन्कार कर दिया था। इसको लेकर दोनों तरफ से झगड़ा होने पर चालक धर्मवीर के द्वारा सुरक्षा की दृष्टि से 112 पुलिस को सूचना देकर मौके पर बुलाया गया था।
विज्ञापन
मौके पर पहुंची 112 पुलिस सभी को लेकर थाना बबराला पहुंची। जहां मौके पर मिले सिपाही विनीत ने मजदूरों को सुरक्षित पहुंचने का जिम्मा लिया था और एक हजार रुपये भी मजदूरों से सिपाही द्वारा लिए जाने की बात सामने आई थी। सिपाही विनीत कुमार और 112 की पुलिस मजदूरों को रास्ते में सेंजना मुस्लिम गांव के नजदीक छोड़ कर पीछे को लौट गई।
तभी ठेकेदार श्रीनिवास अपने दो दर्जन भर साथियों के साथ सेंजना मुस्लिम गांव से निकलते ही नगला अजमेरी गांव के मजदूरों पर लाठी-डंडों व लोहे की सरिया से पिटाई की। पीट-पीट कर योगेश की हत्या कर दी। इस मामले में पुलिस अधीक्षक के आदेश पर एसपी दक्षिणी अनुकृति शर्मा के द्वारा सिपाही विनीत कुमार व सिपाही लवकेश ओर मृतक के भाई भुवनेश के बयान लिए और रिपोर्ट एसपी को सौंप दी।
एसपी कृष्ण कुमार विश्नोई ने बताया कि लापरवाही बरतने पर दोनों सिपाहियों को निलंबित कर दिया गया है। साथ ही सुरक्षा के नाम पर पैसे लेने के मामले में सिपाही विनीत कुमार के खिलाफ थाना बबराला में मुकदमा दर्ज कराया गया है।