बहजोई (संभल)। आटा-पवांसा मार्ग पर शुक्रवार की रात पुलिस और पशु चोरों में मुठभेड़ हो गई। फायरिंग में एक पुलिसकर्मी और एक पशु चोर घायल हो गया। पुलिस ने मौके से पशु चोरी के दो आरोपी गिरफ्तार कर लिया। घायल पुलिसकर्मी और आरोप को अस्पताल में भर्ती कराया है।
शुक्रवार की रात बहजोई थाना पुलिस आटा-पवांसा मार्ग पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान दो युवक एक भैंस लेकर जाते मिले। पुलिस ने उन्हें रोका तो उन्होंने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जिसमें गोली लगने से कांस्टेबल मनीष घायल हो गया। पुलिस ने जवाबी फायरिंग की तो थाना कुढ़ फतेहगढ़ के गांव लच्छमपुर लखनैटा निवासी अवधेश यादव पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया। जबकि उसका साथी फरार हो गया। प्रभारी इंस्पेक्टर सत्येंद्र पंवार ने बताया कि पुलिस ने कुछ देर बाद ही फरार हुए दूसरे आरोपी कैलादेवी के गांव सरगपुर कला का मझरा निवासी मिंजार फकीर को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घायल पुलिसकर्मी व आरोपी युवक को अस्पताल में भर्ती कराया। गिरफ्तार आरोपियों से पुलिस ने एक तमंचा व एक कारतूस, तीन खोखा कारतूस व एक भैंस को बरामद किया गया है। आरोपियों से 34 हजार रुपये भी बरामद हुए हैं। इनमें 18 हजार रुपये अवधेश यादव व 16 हजार रुपये मिंजार फकीर से बरामद किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ, बहजोई समेत कुढ़ फतेहगढ़ में दर्ज हैं मामले
प्रभारी इंस्पेक्टर सत्येंद्र पंवार ने बताया कि आरोपी अवधेश के खिलाफ चोरी, बरामदगी, गैंगस्टर व आबकारी अधिनियम की धाराओं में थाना कुढ़ फतेहगढ़ में पांच, कोतवाली बहजोई चार और थाना असमोली में दो मुकदमे दर्ज हैं। जबकि आरोपी मिंजार फकीर पर कोतवाली बहजोई में चोरी, पशु क्रूरता अधिनियम, गैंगस्टर व आर्म्स एक्ट की धाराओं में मामले दर्ज हैं। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कर रिमांड के लिए कोर्ट में पेश किया गया।