सिरसी। संभल-मुरादाबाद मार्ग पर रविवार अपराह्न करीब तीन बजे लंबा जाम लग गया। दादा मखदूम साहब की मजार के पास मुकर्रबपुर मोड़ पर दो बसों के आमने-सामने आ जाने से यह स्थिति बनी। देखते ही देखते मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
जाम की लंबाई एक किलोमीटर से अधिक पहुंच गई। इससे करीब एक घंटे तक राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। मुकर्रबपुर की ओर से एक बस आ रही थी। इसी दौरान बरात में शामिल दूसरी बस मुकर्रबपुर की ओर मुड़ने लगी। दोनों बसें आमने-सामने आ गईं।
इसी बीच एक ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक ने भी उसी ओर अपना वाहन मोड़ दिया। इससे रास्ता पूरी तरह अवरुद्ध हो गया। करीब एक घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। सूचना मिलने पर सिरसी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कड़ी मशक्कत कर वाहनों को हटवाया। इसके बाद जाम खुलवाकर यातायात सुचारु कराया गया।