संभल। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला शहजादी सराय निवासी किशोर और मासूम बालक लापता हो गए। परिजनों ने काफी तलाश किया लेकिन कोई पता नहीं चल सका। मासूम बालक के पिता ने पुलिस को तहरीर दी। इसी दौरान गाजियाबाद के कौशांबी थाने की पुलिस ने किशोर और मासूम के मिलने की जानकारी संभल कोतवाली पुलिस को दी। पुलिस लेने के लिए रवाना हो गई है। शहजादी सराय निवासी दुष्यंत ने बताया कि उनका आठ वर्षीय बेटा कार्तिक और 14 वर्षीय रिश्तेदार का बेटा वैभव रविवार को दोपहर 2 बजे करीब अचानक लापता हो गए। काफी तलाश किया लेकिन कोई पता नहीं चल सका। इसकी सूचना कोतवाली संभल पुलिस को दी। रात को नौ बजे करीब गाजियाबाद के कौशांबी थाना पुलिस ने बच्चों के मिलने की जानकारी दी है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विकास सक्सेना ने बताया कि बच्चों की जानकारी मिल गई है। कौशांबी से पुलिस टीम लेने के लिए गई है। बच्चों के आने के बाद ही जानकारी हो पाएगी कि वह दोनों वहां तक कैसे पहुंचे।