चंदौसी (संभल)। बहजोई हाईवे पर शुक्रवार शाम गांव मझावली के पास बाइक सवार दो लोगों की मैटाडोर से टकरा कर मौत हो गई। दोनों युवक शादी समारोह से लौट रहे हैं। आरोपी चालक फरार हो गया। पुलिस ने मैटाडोर कब्जे में ले ली है।
जिला मुरादाबाद के थाना कुंदरकी अंतर्गत गांव मोहनपुर तख्तपुर निवासी आशू (35) अपनी ससुराल गांव मुलैटा में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। आशू बरात में अपने रिश्तेदार हरप्रसाद (45) के साथ बाइक से बिलारी क्षेत्र के गांव पीपली गए थे। शुक्रवार रात करीब साढ़े आठ बजे दोनों शादी में शामिल होने के बाद पीपली से वापस गांव मुलैटा जा रहे थे।
बहजोई हाईवे पर गांव मझावली के पास उनकी बाइक सामने से आ रही मैटाडोर से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस घायलों को सीएचसी चंदौसी लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृतक घोषित कर दिया। हादसे के बाद आरोपी चालक मैडाटोर को छोड़कर फरार हो गया।
पुलिस ने मैटाडोर कब्जे में ले ली है। मृतक रिश्ते में ससुर-दामाद थे। आशु के एक बेटी और एक बेटा हैं। हादसे की सूचना पर परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। उनका रो-रोकर बुरा हाल है। उधर, शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।