बनियाठेर। थाना पुलिस ने चोरी के दो अलग-अलग मामलों में वांछित चल रहे चोरी के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से दो स्टार्टर, करीब डेढ़ किलोग्राम तांबे का अधजला तार और 2750 रुपये नकद बरामद हुए हैं। पुलिस ने दोनों का मेडिकल कराकर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार सात सितंबर को जनेटा निवासी शाने आलम ने तहरीर देकर बताया था कि 4 सितंबर को अज्ञात चोर उसके ट्यूबवेल से स्टार्टर और तांबे के तार चोरी कर ले गए। रिपोर्ट दर्ज की गई थी। 20 अगस्त को उच्च प्राथमिक विद्यालय गुमथल की इंचार्ज अध्यापिका उमा गुप्ता ने तहरीर दी थी कि 14 अगस्त को स्कूल से इन्वर्टर और बैटरी चोरी हो गई।
21 सितंबर को बनियाठेर पुलिस टीम ने दोनों मामलों में वांछित अरबाज (20 वर्ष) और सोहिल (19 वर्ष) निवासी अशरफी चौक, मोहल्ला लक्ष्मणगंज, थाना चंदौसी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में उनके पास से चोरी का सामान बरामद हुआ। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार अरबाज पर चंदौसी कोतवाली और बनियाठेर थाने में 11 तो सोहिल के खिलाफ बनियाठेर थाने में आधा दर्जन एफआईआर दर्ज हैं।
पुलिस ने बरामद सामान कब्जे में लेकर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष बोबिंद्र कुमार ने बताया कि दो शातिर किस्म के अभियुक्तों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।