धनारी। पिता-पुत्र की हत्या कर पिकअप गाड़ी लूटने के मामले में दो आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर हैं। हालांकि पुलिस की पांच टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अन्य जिलों दबिश के लिए रवाना हो गई हैं। आरोपियों के मोबाइल बंद होने से लोकेशन नहीं मिल पा रही है।
याद रहे कि भिरावटी का मजरा मलुआ के घेर निवासी नरेश और उनके पुत्र भीमसेन दो अप्रैल को भाड़े पर पिकअप मेरठ को तय करके ले गए। आरोपियों ने गाड़ी लूट कर पिता-पुत्र की हत्या कर शव को शामली के जंगल में फेंक दिए थे। मृतक के परिजनों ने ग्रामीणाें के साथ मिलकर एसपी कार्यालय पर प्रदर्शन करने बाद पुलिस ने कार्यवाही तेज कर दी। पुलिस ने मंगलवार को शव बरामद कर लिए।
इस मामले में पुलिस ने बुधवार को मुठभेड़ में एक आरोपी मनोज गांव चिंजरी थाना मूसाझाग जिला बदायूं को गिरफ्तार कर लिया। जबकि पुलिस की जांच में दो सगे भाई अरविंद व संतोष निवासी गांव रझैरा सलेमपुर थाना कैला देवी जिला संभल के नाम प्रकाश में आए। दोनों ही आरोपी फरार चल रहे हैं। थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी को पांच टीमें अलग-अलग स्थानों के लिए रवाना की गई हैं। दोनों आरोपियों के मोबाइल बंद हैं। पुलिस एक दर्जन से अधिक स्थानों पर दबिश दे चुकी हैं। जल्दी ही सफलता हाथ लगेगी।
-
मृतक पिता-पुत्र के परिवार से मिले डीपी यादव
धनारी। पूर्व मंत्री डीपी यादव मृतक पिता-पुत्र के परिवार से मिले और दुखद घटना पर दुख व्यक्त किया। साथ ही पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा दिया। वहीं पूरा गांव दो हत्याओं की घटना से उभर नहीं पा रहा है। संवाद