चंदौसी(संभल)। थाना बनियाठेर क्षेत्र के आगरा-मुरादाबाद हाईवे पर राधा स्वामी सत्संग भवन के सामने ट्रक ने अर्द्धसैनिक बल के जवानों का सामान लेकर जा रहे मैक्स वाहन को साइड मार दी। घटना में अर्द्धसैनिक बल का प्राइवेट वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के तुरंत बाद क्षतिग्रस्त वाहन से कार टकरा गई। हादसे में वाहन चालक घायल हो गया। हादसे के बाद क्षतिग्रस्त वाहन से कार टकरा गई। घटना से कुछ देर बाद मार्ग पर जाम की स्थिति हो गई। पुलिस ने पहुंच जाम खुलवाया। जबकि अर्द्धसैनिक बल के जवानों ने ट्रक का पीछा कर चालक को दबोच लिया।
शुक्रवार को बिहार के कटियार की आईटीबीपी 48 बटालियन गौतमबुद्ध नगर से चुनाव संपन्न कराने के बाद चंदौसी में 14 फरवरी को होने वाले चुनाव कराने आ रही थी। शाम करीब पांच बजे थाना बनियाठेर क्षेत्र के आगरा-मुरादाबाद हाईवे पर राधास्वामी सत्संग भवन के पास सामने से आ रहे ट्रक ने अर्द्धसैनिक बल का सामान लेकर आ रहे मैक्स वाहन को साइड में दी। हादसे में मैक्स वाहन का चालक जिला आजमगढ़ निवासी चंद्रशेखर घायल हो गया। वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया और सामान सड़क पर गिर गया। तभी पीछे से आ रही ईको कार भी क्षतिग्रस्त वाहन ने जा टकराई। जिसमें मुरादाबाद जनपद के थाना बिलारी के गांव नगला नस्सू निवासी भानु प्रताप सिंह अपनी बहन राजमाला पत्नी हेमेंद्र को लेकर जा रहे था। हादसे में कार में सवार कोई व्यक्ति घायल नहीं हुआ। घटना के बाद चालक ट्रक को भगा ले गया। मगर अर्द्धसैनिक बल के जवानों ने अपने वाहन से पीछा कर गांव मझावली से पहले ही ट्रक को पकड़ लिया। इसके बाद चालक व ट्रक को थाना बनियाठेर पुलिस के हवाले कर दिया। मौके पर पहुंची कोतवाली व बनियाठेर पुलिस ने सड़क पर लगे जाम को खुलवाया तथा यातायात सुचारु कराया।