गुन्नौर कस्बे के मोहल्ला सराय में दिल्ली-बदायूं हाईवे को पार कर रहे आठ वर्षीय बालक को ट्रक ने कुचल दिया, जिससे बालक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद भाग रहे ट्रक चालक को जुनावई पुलिस ने पकड़ लिया।
गुन्नौर कोतवाली के मोहल्ला सराय निवासी चांद खां का बेटा आहिल (8) शुक्रवार की शाम करीब साढ़े सात बजे बदायूं-दिल्ली हाईवे पर स्थित अपने पुराने घर से नए मकान पर जा रहा था। इसी दौरान सड़क पार करते समय उसे बदायूं की ओर जा रहे ट्रक ने कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर भीड़ एकत्र हो गई। बालक के परिजन भी सूचना पाकर पहुंच गए। परिजनों में बालक की मौत से चीखपुकार मच गई। इसी बीच कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने बालक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद मौके से भाग रहे चालक को जुनावई पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। परिजनों की तहरीर पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
ट्रक की टक्कर से बालक की मौत हुई है। बालक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। आरोपी ट्रक चालक को हिरासत में लिया गया है।
-विजेंद्र सिंह पूनिया, गुन्नौर थाना प्रभारी