सरायतरीन। पवांसा सब डिवीजन क्षेत्र के तीन बिजली घर से जुड़े गांवों में बिजली कटौती हो रही है। उपभोक्ता रोस्टिंग और ट्रिपिंग से भीषण गर्मी में परेशान हैं। रविवार को दिनभर बिजली कटौती होती रही।
गांव मिलक सैंजना निवासी सत्यवीर सिंह यादव ने बताया कि सरकार के द्वारा किसानों की फसलों की बेहतर सिंचाई के लिए करोड़ों रुपये खर्च करके ग्रामीण और जंगल की लाइन अलग-अलग बनाई गई। इसके बाद भी फसलों की सिंचाई के लिए पर्याप्त बिजली सप्लाई नहीं मिल पा रही है। जबकि प्रत्येक बिजली घर में कृषि फीडर बनाए गए हैं। ताकि किसानों के लिए दस घंटे बिजली सप्लाई मिल सके। लेकिन विद्युत विभाग के द्वारा विद्युत कटौती, रोस्टिंग और ट्रिपिंग की जा रही है। इससे किसान परेशान हैं। इस बारे में एसडीओ देहात मनोज कुमार ने बताया कि बिजली घर क्षेत्र में नियमित रूप से बिजली सप्लाई की जा रही है। कहीं-कहीं ओवरलोडिंग की समस्या चल रही है, उसमें सुधार कराया जा रहा है। किसानों की फसल की सिंचाई के लिए भी पर्याप्त बिजली सप्लाई दी जा रही है। यदि कहीं पर बिजली सप्लाई की कटौती की शिकायत मिलती है, तो पर्याप्त बिजली सप्लाई की व्यवस्था की जाएगी। संवाद