संभल के मुरादाबाद मार्ग पर डग्गामार वाहनों पर ऐसे लटक कर सफर करते हैं यात्री।
- फोटो : SAMBHAL
संभल। संभल से जाने वाले कई मुख्य मार्गों पर डग्गामार वाहन चल रहे हैं। इन वाहनों पर यात्री लटक कर सफर करते हैं। इससे हादसों का अंदेशा बढ़ रहा है। यातायात पुलिस और परिवहन विभाग की अनदेखी इन डग्गामार वाहन संचालकों का हौसला बढ़ा रही है। वहीं दूसरी ओर गन्ने से भरे ओवरलोड ट्रकों पर भी कार्रवाई नहीं हो रही। जबकि यह गन्ने से भरे ओवरलोड ट्रक हादसों का कारण बन रहे हैं।
रविवार को संभल-मुरादाबाद मार्ग पर डग्गामार वाहनों पर यात्री लटके दिखाई दिए। ऐसा ही हाल चौधरी सराय से बहजोई जाने वाले मार्ग पर दिखाई दिया। डग्गामार वाहनों पर बेतरतीब तरीके से यात्री लटके दिखाई दिए। इन्हें न यातायात पुलिस ने रोका और न परिवहन विभाग के अधिकारी मिले। यह वाहन यात्रियों को लटका कर दौड़ते नजर आए।
वहीं दूसरी ओर गन्ने से भरे ट्रक व ट्रैक्टर-ट्राली पर भी कार्रवाई नहीं हो रही है। शुक्रवार की रात गन्ने से भरे ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्राली को टक्कर मार दी थी। इसमें एक युवक की मौत हो गई थी। जबकि युवक का पिता गंभीर रूप से घायल है। इस तरह की लापरवाही से हो रहे हादसों के बाद भी परिवहन विभाग सीख नहीं ले रहा है।