बहजोई(संभल)। कलक्ट्रेट सभागार में डीएम डॉ. राजेंद्र पैंसिया ने विधानसभा चुनाव की मतदाता सूचियों की एसआईआर को लेकर संबंधित सुपरवाइजर को प्रशिक्षण दिया।शुक्रवार को डीएम के अलावा डिप्टी कलक्टर निधि पटेल ने सभी सुपरवाइजर को बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य चार नवंबर से चार दिसंबर तक चलेगा। इसमें अर्हता तिथि एक जनवरी 2026 होगी। बूथ लेवल ऑफिसर्स ( बीएलओ) घर घर जाकर प्रत्येक मौजूदा मतदाताओं को दो प्रतियों में गणना प्रपत्र का वितरण करेंगे। बाद में बीएलओ की ओर से इन सभी गणना प्रपत्रों को संग्रहित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि यदि मतदाता घर पर नहीं है तो गणना प्रपत्र उसके परिवार के व्यस्क सदस्य को दिया जा सकता है।
डिप्टी कलक्टर ने बताया कि मतदाता सूचियों का प्रकाशन नौ दिसंबर 2025 को किया जाएगा। इसके बाद आठ जनवरी 2026 तक दावे व आपत्तियां दाखिल किये जा सकेंगे। साथ ही, फॉर्म में लगी फोटो के पास ही नई रंगीन फोटो चस्पा की जाएगी। इसके अलावा डिप्टी कलक्टर सौरभ कुमार पांडेय ने भी एसआईआर से जुड़ी जानकारी दी। डीएम ने कहा कि किसी भी तरीके की गड़बड़ी होने पर सख्त कार्रवाई तय है।