गुन्नौर। सोमवार की देर शाम नरौरा गंगा बैराज पर अचानक वाहनों की लंबी कतार लगने से भीषण जाम की स्थिति पैदा हो गई। जाम में सैकड़ों वाहन फंस गए, जिससे राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। बैराज पर वाहनों का दबाव बढ़ने के कारण यातायात धीमा हो गया और देखते ही देखते दोनों ओर लंबा जाम लग गया। इस दौरान बाइक, कार और अन्य वाहन रेंग-रेंग कर आगे बढ़ते नजर आए। सूचना पर दोनों जिलों की पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद यातायात को सुचारु कराने का प्रयास शुरू किया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने जाम खुलवाकर आवागमन सामान्य कराया। जाम खुलने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। हालांकि देर रात तक जाम में फंसे रहने के कारण यात्रियों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।