चंदौसी (संभल)। चंदौसी रीठ मार्ग पर अरिल नदी के पुल के पास चालक को नींद की झपकी आने पर गन्ने से लदी ट्रैक्टर-ट्राॅली खंदी में घुस गई। गन्ने के नीचे दबने से जहांगीरपुर निवासी ट्रैक्टर चालक बाबूजी (36) की मौत हो गई।
थाना कुढ़फतेहगढ़ क्षेत्र के गांव जहांगीरपुर निवासी बाबूजी ट्रैक्टर चालक है। वह गांव ढाढोल स्थित वीनस शुगर मिल के गन्ना क्रय केंद्र से रोजाना ट्रैक्टर-ट्राॅली में गन्ना भरकर ले जाता है। मंगलवार की रात करीब साढ़े बारह बजे वह ट्रैक्टर-ट्राॅली में गन्ना लादकर शुगर मिल जा रहा था। गांव जारई व अरिल नदी के पुल के बीच चालक को झपकी आ गई और ट्रैक्टर-ट्राॅली सड़क किनारे खाई में पलट पलट गई। हादसे में चालक गन्ने के नीचे दब गया। सूचना पर रात में पुलिस मौके पर पहुंची और उसे गंभीर हालत में गन्ने से नीचे से निकलवाया।
घायल को पुलिस ने सीएचसी में भर्ती कराया। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के दो बेटी, एक बेटा है। परिजन व बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव पीएम के लिए भेज दिया है। एसआई सचिन भाटी ने बताया कि परिजनों से बात हुई थी। चालक घर से जाने से पहले परिजनों से कह रहा था कि आराम पूरा नहीं हुआ है। नींद आ रही है। नींद की झपकी आने से हादसा हुआ है।