धनारी (संभल)। थाना क्षेत्र के गांव करेला की मढ़ैया निवासी रामबेटी (38) ने छेड़खानी से तंग आकर शनिवार को फंदा लगाकर जान दे दी। मृतका के पति की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
महिला के पति रामदास का आरोप है कि उसकी पत्नी को पास के गांव कीरतपुर निवासी गब्बर काफी समय से परेशान कर रहा था। आरोपी आए दिन उसका पीछा कर छेड़खानी करता था और बात करने का दबाब बनाता था। जिससे महिला की समाज में काफी बदनामी हो रही थी। जिससे पत्नी मानसिक रूप से परेशान चल रही थी। शनिवार की सुबह करीब दस बजे महिला खेत पर गई और खेत में खड़े नीम के पेड़ पर रस्सी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। आसपास के खेतों में काम कर रहे लोगों ने पेड़ से शव लटका देखा तो परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन के साथ पुलिस भी पहुंच गई और शव नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मृतक के पति की तहरीर के आधार पर आरोपी गब्बर के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की रिपोर्ट दर्ज की है।