संभल। नखासा थाना क्षेत्र में संभल-हसनपुर बाईपास पर भोलेश्वर चौकी के निकट मंगलवार की दोपहर करीब दो बजे किसी वाहन की टक्कर लगने से पैदल जा रहे कोतवाली क्षेत्र के चौधरी सराय निवासी मोहम्मद हसीब (25) की मौत हो गई। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दी। साथ ही जिला अस्पताल भेजा। जहां चिकित्सक ने मृत होने की पुष्टि की। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
मृतक के पिता शरीफ अहमद ने बताया कि वह मूलरूप से संभल कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला चौधरी सराय के निवासी हैं। वर्तमान समय में दिल्ली में रहकर जीवन-यापन कर रहे हैं। शरीफ ने बताया कि परिवार में पत्नी महशर जहां के अलावा चार बेटियां और दो बेटे हैं। हाल ही में उनकी माता की मौत हो गई। मंगलवार को उनका तीजा था। ऐसे में परिवार के सभी लोग घर आए हुए थे। मोहम्मद हसीब सोमवार को ही आया था। वह टाइल्स का कारीगर था। मंगलवार की दोपहर में सूचना मिली कि हसीब हादसे का शिकार हो गया है। इसके बाद मौके पर पहुंचे तो उसकी मौत हो चुकी थी। हसीब अविवाहिता था। थाना प्रभारी गजेंद्र सिंह ने बताया कि किस वाहन से हादसा हुआ है। उसकी जानकारी की जा रही है। पीड़ित परिवार की ओर से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।