बहजोई (संभल)। गांव रंपुरा निवासी बोबी की तीन वर्षीय बेटी रानी को बेकाबू कार ने रौंद दिया। बालिका की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब बालिका घर के बाहर खेल रही थी।
सोमवार की शाम करीब चार बजे बालिका अपने चाचा राजू के घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान गांव निवासी युवक तेजी से वैगन आर कार लेकर आया और बालिका को रौंद दिया। इसमें गंभीर रूप से घायल हो गई। बताया कि जिस समय हादसा हुआ उस समय कार में तेज आवाज से गाने बज रहे थे। घायल बालिका को निजी ऐंबुलेंस से उपचार के लिए बहजोई सीएचसी पहुंचे। जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।
राजू ने बताया कि उनके भाई बोबी के दो बच्चे हैं। रीना बड़ी बेटी थी। अब छोटा बेटा एक वर्षीय तनुज है। वहीं मृत बालिका की मां नीता का रो रोकर बुरा हाल है। कोतवाल विनोद कुमार मिश्रा ने बताया कि हादसे की जानकारी मिली है लेकिन अभी कार्रवाई के लिए कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।