सिरसी। हजरतनगर गढ़ी थाना क्षेत्र के फुलसिंहा गांव में रविवार को तालाब में नहाते समय तीन बहनों के इकलौते भाई 15 वर्षीय अदनान की डूबने से मौत हो गई। वह अपने दोस्तों के साथ तालाब पर गया था।
फुलसिंहा निवासी मुरसलीन का बेटा अदनान अपराह्न तीन बजे अपने दोस्त अमान, अजमल और अयान के साथ बारीपुर भमरौआ रोड पर स्थित तालाब में नहाने गया था। उसके साथी अयान ने बताया कि नहाते समय अदनान ने एक भैंस की पूंछ पकड़ ली थी। भैंस उसे गहरे पानी में ले गई, जहां उसके हाथ से पूंछ छूट गई।
वह गहरे पानी में चला गया। दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सके। अयान ने गांव जाकर अदनान के परिजनों को सूचना दी। ग्रामीणों ने करीब डेढ़ घंटे की तलाश के बाद अदनान को गहरे पानी से निकाला। परिजन उसे तुरंत संभल अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अदनान अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी तीन बहनें तूबा, शाजिया और जुनेसा हैं। वह सिरसी के जवाहर लाल मेमोरियल इंटर कॉलेज में कक्षा 9 का छात्र था। इकलौते बेटे की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। परिजनों ने बिना किसी कार्रवाई के शव को सुपुर्दे खाक कर दिया।