सौंधन। कैलादेवी थाना क्षेत्र के एक गांव में रविवार को घरेलू विवाद के बाद 30 वर्षीय विवाहिता ने कमरे में साड़ी का फंदा बनाकर जान दे दी। परिजनों ने बिना पुलिस कार्रवाई के गांव के श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार कर दिया।
गांव निवासी एक व्यक्ति चौराहे पर जनसेवा केंद्र चलाता है। रविवार सुबह वह खेत पर चला गया था। घर पर उसकी पत्नी का जेठानी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद विवाहिता गुस्से में कमरे में चली गई और साड़ी से फंदा बनाकर कुंडे से लटक गई। करीब दो घंटे बाद परिजनों ने कमरे का दरवाजा खोला तो विवाहिता लटकी मिली।
परिजनों ने उसे नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना पर मायके पक्ष के लोग भी गांव पहुंच गए। मृतका का करीब आठ वर्ष का एक बेटा है। परिजनों ने बिना पुलिस को सूचना दिए गांव के श्मशान घाट पर उसका अंतिम संस्कार कर दिया। सीओ कुलदीप सिंह ने बताया कि इस तरह की घटना संज्ञान में नही है। यदि कोई तहरीर मिलेगी तो कार्रवाई की जाएगी। संवाद