चंदौसी (संभल)। पुलिस ने चंदौसी वेयर हाउस से खाद की लूट का खुलासा कर दिया है। लूट में शामिल जनपद रामपुर के तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है। 16 दिसंबर की रात तीनों बदमाशों ने अन्य दो साथियों के साथ मिलकर जारई स्थित निजी वेयर हाउस के चौकीदार और गार्ड को बंधक बनाकर एनपीके खाद के 534 बोरे लूट लिए थे। पुलिस ने वेयर हाउस से लूटे 103 बोरे और तीन लाख रुपये की नगदी बरामद की है। लूट में शामिल दो बदमाश अभी फरार चल रहे हैं।
चंदौसी के सुभाष रोड निवासी विनय जैन के असालतपुर जारई स्थित कोकावास पुल के समीप वेयर हाउस है। जिसमें 16 दिसंबर की बदमाशों ने चौकीदार रामरतन और गार्ड नेत्रपाल को बंधक बनाकर एनपीके खाद के 534 बोरे लूट लिए थे। पुलिस ने लूट की घटना को चोरी में दर्ज किया था। एसपी कुलदीप सिंह गुनावत बुधवार को लूट का खुलासा कर दिया। एसपी ने बताया कि लूट में शामिल रामपुर जनपद के थाना टांडा क्षेत्र के रनुआ गांव निवासी मोहम्मद राईफ और नासिर व नगलिया कासगंज गांव निवासी अलतमश को इस्लामनगर रोड के बर्रई गांव के समीप से गिरफ्तार किया है। जिनके पास से कैंटर में लदे 103 खाद के बोरे, तीन दवा छिड़कने वाली मशीन, एक जमंचा, चाकू और तीन लाख रुपये बरामद किए हैं। पुलिस कार्रवाई के बाद आरोपियों को जेल भेज दिया गया।
-अप्रैल माह में भी लूटे थे 250 बोरे
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि अप्रैल माह में इसी वेयर हाउस से खाद के 250 बोरे और 16 स्प्रे मशीन लूटी थी। जिन्हें उन्होंने अपने क्षेत्र में बेच दिया। अब भी 5534 बोरों में से 387 बोरे उन्होंने बेच दिए हैं। जिन्हें बेचकर तीन लाख रुपये एकत्र हुआ।
वर्जन
चंदौसी के जारई में निजी वेयर हाउस में खाद की लूट हुई थी। लूट में शामिल तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। जबकि दो अभी फरार चल रहे हैं। गिरफ्तार अभियुक्तों को जेल भेज दिया है। जबकि फरार चल रहे अभियुक्तों की तलाश की जा रही है। -कुलदीप सिंह गुनावत, एसपी संभल