संभल। इस्रायल में युद्ध के बाद वहां पर निर्माण कार्य के लिए कुशल श्रमिकों की जरूरत है। शासन ने इस संबंध में आदेश जारी किया है। इसी आदेश के बाद संभल जिले में कुशल निर्माण श्रमिकों की चयन प्रक्रिया शुरू हुई है। सहायक श्रमायुक्त ने बताया कि जिले के करीब 200 कुशल निर्माण श्रमिकों को इस्रायल जाने का मौका मिलेगा।
दरअसल, इस्रायल में हुए युद्ध से पैदा हालात को लेकर वहां की सरकार ने कुशल निर्माण श्रमिकों की आवश्यकता जताई है। वहां पर निवास एवं रोजगार के अवसर तलाशे जा रहे हैं। इस्रायल सरकार की ओर से आवश्यकता को लेकर केंद्र सरकार ने कवायद शुरू की है। सहायक श्रमायुक्त सुरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय के अधीन कार्यरत एजेंसी इंटरनेशनल स्किल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन के माध्यम से श्रमिकों को इस्रायल भेजा जाएगा। जिले के करीब 200 श्रमिकों का भेजे जाने का लक्ष्य मिला है। इस्रायल के लिए जिले से आयरन वेंडिंग, सिरेमिक, टाइल्स एवं शटरिंग और कारपेंटर श्रमिकों को मौका मिलेगा। बताया कि जाने वाले श्रमिकों को बेसिक अंग्रेजी की जानकारी, बोलना एवं समझना जरूरी होगा। निर्माण की ड्राइंग को पढ़ना आना चाहिए। ताकि कोई समस्या न आए। दिल्ली और चेन्नई में इसके लिए सेंटर बनाया गया है। चिन्हित होने वाले श्रमिक पहले इन्हीं सेंटर पर जाएंगे। जहां उनकी जांच पड़ताल होगी और जिस काम के लिए चयनित हुए हैं, उसके बारे में परखा जाएगा।
इस तरह होगी चयन प्रक्रिया
इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थियों द्वारा आवेदन किए जाने पर संपूर्ण सूचना एलबीएसडीसी के माध्यम से पीएबीए को उपलब्ध कराई जाएगी। पीएबीए द्वारा अभ्यर्थी की सभी सूचनाओं नाम, पता, उम्र तथा संबंधित दस्तावेज पासपोर्ट की पुष्टि की जाएगी। सूचनाओं की पुष्टि के बाद अभ्यर्थी का प्रैक्टिकल टेस्ट व मेडिकल टेस्ट लिया जाएगा। श्रम एवं सेवायोजन विभाग तथा एनएसडीसी के सहयोग से व्यावसायिक शिक्षा एवं प्राविधिक शिक्षा विभाग के समन्वय से टेस्टिंग सेंटर का निर्माण होगा। साथ ही आवेदक की आयु 21 से 45 वर्ष और 2 से 3 साल कार्य का अनुभव भी मांगा गया है।
खुद वहन करना होगा आने-जाने का खर्चा
श्रमिकों को इस्रायल आने जाने का खर्चा खुद वहन करना पड़ेगा। कम से कम एक वर्ष और अधिक से अधिक पांच वर्ष का कांट्रेक्ट होगा। मासिक वेतन 1.37 लाख रुपये बताया गया है। श्रम प्रवर्तन अधिकारी अनुज वर्मा ने बताया कि कुशल श्रमिक खुद भी 31 दिसंबर तक श्रम कार्यालय नगर पालिका परिषद में पहुंचकर अपनी सूचना दे सकते हैं।
कोट
इस्रायल भेजने के लिए श्रमिक चिन्हित किए जा रहे हैं। संभल जिले से 200 कुशल श्रमिक भेजे जाएंगे। किसी भी तरह जानकारी के लिए श्रम प्रवर्तन अधिकारी विनोद शर्मा के मोबाइल नंबर 9458210577 व अनुज वर्मा के 9458210577 पर संपर्क कर सकते हैं।
सुरेंद्र कुमार सिंह, सहायक श्रमायुक्त, संभल।