संभल के जिला अस्पताल में मृतक विजय के परिजनों से जानकारी करती पुलिस।
- फोटो : SAMBHAL
दो सड़क हादसों में एसएसओ समेत तीन लोगों की मौत हो गई। एसएसओ ड्यूटी कर बाइक से घर लौट रहे थे तभी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे हैं। वहीं बहजोई में सड़क किनारे खड़े दो दोस्तों को कार ने टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर घायल हो गया।
सोमवार की रात करीब नौ बजे असमोली थाना क्षेत्र के गांव खासपुर निवासी विजय सिंह (45) पुत्र अमर सिंह और इसी गांव के निवासी देवराज के दस वर्षीय कक्षा सात के छात्र रितिक की सड़क हादसे में मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब एसएसओ विजय सिंह टांडा कोठी बिजलीघर से ड्यूटी के बाद घर लौट रहे थे। जैसे ही टांडा कोठी से खासपुर जाने वाले मार्ग पर दुर्गा डिग्री कालेज के पास पहुंचे तो अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। राहगीरों ने हादसे की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन कर पीड़ित परिजनों को अवगत कराया।
विजय सिंह की पत्नी बबीता ने बताया कि उनके पति बिजलीघर में ड्यूटी करने के बाद घर लौट रहे थे। लौटते समय हादसे का शिकार हो गए। वहीं रितिक के पिता का कहना है कि उनका बेटा सातवीं कक्षा में पढ़ाई करता था। कभी-कभी साप्ताहिक बाजार में लगने वाली पकौड़ी की दुकान पर भी काम करने के लिए जाता था। सोमवार को टांडा कोठी के पास लगने वाली साप्ताहिक बाजार में काम करने के लिए गया था। घर आते समय विजय सिंह के साथ बाइक पर सवार हो गया और रास्ते में हादसे के दौरान जान चली गई। बालक की मां मायादेवी का रो-रोकर बुरा हाल है। असमोली थाना प्रभारी विद्युत गोयल ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे हैं। हादसा करने वाले वाहन की तलाश की जा रही है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
वहीं बहजोई में सोमवार को सुबह करीब साढ़े आठ बजे बहजोई-संभल मार्ग पर गांव भवन के निकट कार ने सड़क किनारे खड़े दो दोस्त निशांत(19) पुत्र अजयपाल और नीरज पुत्र देवकरन को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सरकारी अस्पताल भिजवाया जहां चिकित्सकों ने निशांत को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर परिजन भी पहुंच गए। जानकारी पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। प्रभारी निरीक्षक पंकज लवानिया का कहना था कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। चालक को हिरासत में लेकर कार को कब्जे में ले लिया है।