सौंधन (संभल)। गांव सारंगपुर में पिछले 36 घंटे में बुखार से गांव निवासी रामवती (50), रामवीर (33) और शब्बीर (90) की मौत हो गई। एक सप्ताह में बुखार से जान गंवाने वालों की संख्या पांच हो गई है। दो दिन में तीन मौत की सूचना पर एसडीएम वंदना मिश्रा स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ गांव पहुंचे और शिविर लगाकर 358 मरीजों की जांच की। जिसमें 118 मलेरिया और 65 डेंगू आशंकित लोगों के सैंपल लिए गए।
सारंगपुर गांव में पिछले कुछ दिनों से पूरा गांव बुखार की चपेट में हैं। गांव में करीब एक हजार से ज्यादा लोग बुखार से पीड़ित हैं। शुक्रवार को दिन में बुखार से पीड़ित ओमवती और रात में रामवीर ने दम तोड़ दिया। जबकि शनिवार की सुबह गांव के ही शब्बीर की मौत हो गई। वहीं सप्ताह भर पहले गांव निवासी सुनीता (35) की बुखार से मौत हुई थी। उसके बाद रामवती (50) हो गई। गांव निवासी ऋषिपाल यादव ने बताया कि गांव में ऐसा कोई घर नहीं, जिसमें कोई बीमार न हो। लगातार मौतों से गांव में दहशत का माहौल है। जसवीर यादव ने बताया कि रामवीर की दो दिन पहले तबीयत खराब हुई थी। उन्हें संभल लाया गया। जहां से मुरादाबाद रेफर कर दिया। जहां उनकी मौत हो गई। रामवीर का आठ वर्षीय बेटा बाबू और 13 वर्षीय सोनू और भतीजा विकास भी बुखार की चपेट में हैं। इसके अलावा गांव के नीतू, चरन सिंह, बृजेश, कुसुम, रामश्री, अंशुल, भूरी, सरोज, अशोक, गोविंद, कल्याण, गेंदावती, अजय समेत एक हजार के करीब लोग बीमार हैं।
स्लाइड बनाकर मरीजों का उपचार शुरू
गांव सारंगपुर में बुखार के कहर के चलते स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। सीएमओ डॉ. तरुण पाठक ने बताया कि सीएचसी अधीक्षक डॉ. मनोज चौधरी के नेतृत्व में शनिवार को टीम ने गांव में शिविर लगाकर मरीजों की जांच की। साथ ही मरीजों की स्लाइड बनाका उपचार शुरू कराया है। दवाई भी दी गई है। बताया कि 118 मलेरिया और 65 डेंगू आशंकित लोगों के सैंपल लिए हैं। जिन्हें जांच के लिए भेजा गया है। हालांकि एंटीजन टेस्ट में सभी निगेटिव रहे।
ग्रामीणों में चर्चा, टावर की वजह से फैली बीमारी
गांव सारंगपुर में चर्चा है कि टावर लगने की वजह से यह फैल रहा है। परेशान ग्रामीणों ने शनिवार सुबह में मृतक के परिजनों के साथ पहुंचे और टावर को बंद कराया। दरअसल, गांव में वीर सिंह यादव के घर 18 वर्ष पहले एयरटेल का टावर लगा था। इसमें 5जी नेटवर्क चलने की योजना कंपनी बना रही है। बताते हैं कि टेस्टिंग शुरू की गई है। जिससे यह बीमारी फैली।
भाकियू असली ने बुखार से निजात दिलाने की मांग उठाई, ज्ञापन सौंपा
संभल। गांव सारंगपुर में फैले बुखार के प्रकोप से ग्रामीणों में रोष हैं। भाकियू असली ने इसे मुद्दा बनाते हुए उप जिलाधिकारी वंदना मिश्रा को ज्ञापन सौंपा है। संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान पहुंचे भाकियू असली के पदाधिकारियों ने बताया कि शनिवार को गांव में दो मौंते हुई हैं। शिकायत के बावजूद जिले का प्रशासन अंजान है। इस मामले में तत्काल कार्रवाई
कोट
गांव में शिविर लगवाया गया है। ग्रामीणों से एहतियात भी बरतने की सलाह दी है। जो लोग बीमार हैं उनकी जांच के लिए नमूने लिए हैं। निजी लैब की रिपोर्ट पर पूरी तरह विश्वास नहीं किया जा सकता। इसलिए जिला अस्पताल की लैब में भी जांच कराई जाएगी। जिससे सही जानकारी मिल सके।
डॉ. मनोज चौधरी, जिला सर्विलांस अधिकारी, संभल।