चंदौसी। मुरादाबाद से आ रही रोडवेज बस ने ट्रेक को ओवरटेक किया तो उसी समय बिना हेलमेट ट्रिपिंग राइडिंग करते बाइक सवार ने एक कार को ओवरटेक किया। परिणाम यह रहा कि बाइक सामने से आए ट्रक में भिड़ गई। जिसमें साले बहनोई समेत तीन लोगों की मौत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक ट्रक से टकराने के बाद कार की खिड़की में लगी तो उसकी खिड़की भी टूट गई। इसमें एक की तो मौके पर ही मौत हो गई लेकिन साले बहनोई ने मुरादाबाद जाते समय दम तोड़ दिया। घटना से गांव में कोहराम मच गया।
बनियाठेर थाना क्षेत्र के गांव बनियाखेड़ा निवासी महेश यादव (25) पुत्र चंद्रपाल यादव गुरुवार की शाम को अपने सालेे गुड्डू यादव (24) पुत्र शिशुपाल निवासी गांव पृथीपुर थाना बिसौली (बदायूं) के साथ चंदौसी आया था। रात्रि करीब सात बजे दोनों साले बहनोई अपने गांव वापस लौट रहे थे, तभी चंदौसी के बाईपास पर गांव का मतीन खां (55) मियां जान मिल गया। बाइक सवारों ने उसे भी अपनी बाइक पर बैठा लिया।
बाइक को महेश यादव चला रहा था। जब तीनों बाइक सवार मुरादाबाद रोड पर बनियाठेर थाने के पास पहुंचे सामने जा रही कार को ओवरटेक किया। ठीक उसी समय मुरादाबाद से चंदौसी आ रही एक रोडवेज बस ने उधर से ही आ रहे ट्रक को ओवरटेक किया।
बाइक सवार ट्रक को देख नहीं सके और बाइक की जोरदार टक्कर सामने आए ट्रक से हो गई। ट्रक में टकराने के बाद बाइक कार की खिड़की से टकराई, जिससे कारण की खिड़की दूर जा गिरी।
तीनों बाइक सवार मौके पर ही घायल होकर गिर गए। आसपास के लोग दौड़े। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। इसमें मतीन खां की तो मौके पर ही मौत हो गई। महेश व गुड्डू को संयुक्त चिकित्सालय चंदौसी लाया गया लेकिन यहां से भी दोनों को मुरादाबाद रेफर कर दिया गया।
गुड्डू ने रास्ते में दम तोड़ दिया। जिससे उसके शव को वापस चंदौसी ले आया गया लेकिन महेश यादव ने मुरादाबाद पहुंचकर दम तोड़ दिया। इसलिए उसका शव मुरादाबाद में ही रखा है। वहीं उसका पोस्टमार्टम किया जाएगा।
मतीन खां का शव घर पहुंच गया है। परिजन पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर रहे हैं। घटना की जानकारी होने पर बनियाखेड़ा गांव में कोहराम मच गया। परिजनों का करुणक्रंदन शुरू हो गया। देर शाम तक मतीन खां के पुत्र हुसैन नबी ने अज्ञात बस चालक के खिलाफ थाने में तहरीर दी है।