संभल के खग्गू सराय में कुएं की खोदाई करती जेसीबी। संवाद
- फोटो : संभल
संभल। खग्गू सराय में शिव मंदिर के परिसर बने प्राचीन कुएं में शनिवार को खोदाई के दौरान भगवान शिव, गणेश और माता पार्वती की खंडित मूर्तियां मिली हैं। पुलिस ने मूर्तियों को अपने संरक्षण में ले लिया है। एएसपी श्रीश्चद्र ने बताया कि कुएं की खोदाई के दौरान शिव परिवार की मूर्तियां मिली हैं। मूर्तियां कुएं में मलबा और मिट्टी के बीच पाई गईं। मूर्तियां खंडित कैसे हुईं, इसकी जांच की जाएगी।
1978 में हुए दंगे के बाद खग्गू सराय में रहने वाले 40 रस्तोगी परिवार अपने मकान बेचकर पलायन कर गए थे। मुस्लिम क्षेत्र होने के कारण मंदिर की देखभाल करने वाला कोई नहीं था, जिससे मंदिर 46 साल से बंद था। साथ ही परिसर में बना प्राचीन कुआं भी लोगों ने अटा दिया था।
शनिवार को जानकारी होने के बाद पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों ने बंद मंदिर के कपाट खुलवाकर सफाई कराई थी। साथ ही मंदिर के परिसर में अटे प्राचीन कुएं की भी खोदाई शुरू करा दी थी। मंगलवार को कुएं की खोदाई के दौरान भगवान शिव, गणेश, कार्तिकेय और माता पार्वती की खंडित मूतियां मिलीं।