बहजोई। डीसीएम चालक से हुई लूट के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से तमंचा, चाकू, नगदी और चोरी की बाइक बरामद की गई है। बृहस्पतिवार को एसपी कुलदीप सिंह गुनावत ने प्रेसवार्ता कर लूट का खुलासा किया। एसपी ने बताया कि बीती 26 जनवरी को बहजोई-संभल मार्ग पर नगर के मोहल्ला यादव कालोनी निवासी डीसीएम चालक कौशल से हुई 111950 रुपये की लूट के मामले में मुखबिर की सूचना पर कोतवाली पुलिस ने एसओजी व सर्विलांस की मदद से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। गांव परतापुर स्थित यात्री शेड के निकट से पुलिस ने यह आरोपी थाना रजपुरा निवासी गिरीशपाल समेत हेमंत व सुभाष यादव को गिरफ्तार किया। आरोपियों से एक तमंचा 315 बोर तथा दो कारतूस समेत 2 चाकू, 72000 हजार रुपये नकद तथा एक बाइक बरामद की गई है। बाइक वर्ष 2022 में दिल्ली से चोरी की थी।
विज्ञापन
एसपी के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि 26 जनवरी को ही लूट की योजना बनाई थी। जो बाइक बरामद हुई है। उसी बाइक से तीनों सैदनगली गए थे। आरोपी गिरीश व हेमंत सवारी बनकर डीसीएम में बैठकर किसौली तक पहुंचे थे। वहीं सुभाष बाइक से डीसीएम के पीछे आया था। बाद में किसौली गांव निकलते ही तीनों डीसीएम रुकवा ली और चालक से नगदी लूट ली थी। एसपी ने बताया कि आरोपी गिरीश का कहना था कि वह पहले डीसीएम चला चुका है। उसे यह पता है कि कभी-कभी माल देने के बाद अधिकतर चालक ही पेमेंट की रकम लाता है। इसको लेकर ही तीनों ने लूट की घटना को अंजाम दिया।
एसपी कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि आरोपी गिरीशपाल के खिलाफ थाना रजपुरा में आर्म्स एक्ट व गाली-गलौज तथा जान से मारने की धमकी देने तथा कोतवाली बहजोई में आर्म्स एक्ट तथा एक मामला क्राइम ब्रांच दिल्ली में दर्ज हैं। वहीं आरोपी हेमंत के खिलाफ थाना बहजोई व क्राइम ब्रांच दिल्ली में तथा आरोपी सुभाष के खिलाफ थाना बहजोई व क्राइम ब्रांच दिल्ली में मामला दर्ज है।