गवां। रजपुरा थाना क्षेत्र के गांव पीतांबरपुर डांडा में घर के बाहर खेल रही आठ साल की बच्ची सीमा पर सांड़ ने हमला कर दिया। इससे वह घायल हो गई। परिजनों ने निजी चिकित्सक को दिखाया गया लेकिन हालत गंभीर होने पर उसे मेरठ रेफर किया गया है।
यह घटना बुधवार की शाम की है। किसान प्रताप सिंह राणा की आठ वर्षीय बेटी सीमा खेलते-खेलते घर से बाहर निकल गई थी। इसी समय गली में घूम रहे सांड़ ने सीमा पर हमला कर दिया। सीमा की चीख पुकार की आवाज सुन घरों से ग्रामीण निकल आए। सांड़ का बच्ची पर हमला देख ग्रामीणों ने लाठी डंडे से मोर्चा संभाला और बच्ची को सांड़ से बचाया। घायल अवस्था में परिजन बच्ची को संभल के निजी अस्पताल में लाए। हालत गंभीर होने पर यहां से रेफर कर दिया।