संभल/रजपुरा। रजपुरा थानाक्षेत्र के गांव पाठकपुर निवासी युवक ने तहरीर देकर आरोप लगाया है कि गांव का ही एक युवक उससे चुनावी रंजिश मान रहा है। वह अपने समर्थकों के साथ पीड़ित के घर पहुंचा और चुनाव न लड़ने व जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने पुलिस से जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई है।
थाना रजपुरा क्षेत्र के गांव पाठकपुर निवासी मनोज कुमार ने थाने में तहरीर दी है। इसके माध्यम से उसने बताया कि उसकी पत्नी अंशु रानी प्रधान पद का चुनाव लड़ रही है। गांव निवासी एक अन्य व्यक्ति की पत्नी भी चुनाव मैदान में है। इसके चलते वह चुनावी रंजिश मान रहा है। गुरुवार की देर शाम आरोपी अपने समर्थकों के साथ अवैध हथियार लेकर उसके घर पहुंचा और चुनाव न लड़ने की धमकी दी। पीड़ित ने जब विरोध किया तो मारपीट पर उतारू हो गए। शोर शराबा सुनकर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। भीड़ एकत्रित होने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौकै से भाग गए। पीड़ित ने शुक्रवार को थाना पहुंचकर पुलिस को लिखित में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।