चंदौसी। शुक्रवार की रात चोरों ने दो सरकारी प्रतिष्ठानों सहित चार स्थानों पर चोरी की घटना को अंजाम देने का प्रयास किया। हालांकि जाग होने पर चोर यहां से कुछ ले नहीं जा सके। पिछले तीन दिनों में चोरी की पांच वारदातें अंजाम दी जा चुकी हैं। खुलासे के नाम पर पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी है।
सुभाष रोड पर बिजली विभाग के दफ्तर को चोरों ने शुक्रवार की रात अपना निशाना बना लिया और कार्यालय के ताले तोड़ दिए। आस-पास के घरों में जाग होने पर चोर मौके से भाग गए। कार्यालय में कार्यरत कर्मचारी प्रमोद कुमार निवासी गांव कैथल ने बताया कि सफाई कर्मचारी के द्वारा मिली सूचना पर जब वह दफ्तर पहुंचे, तो ताले टूटे पड़े थे और अंदर का सामान बिखरा पड़ा था। बिजली कर्मचारी ने बताया कि कार्यालय में बिजली के बिल जमा होते हैं। जिनका कैश भी काउंटर पर रहता है। गनीमत रही कि चोर कोई सामान या नकदी ले जा नहीं सके। तहरीर दिए जाने के बावजूद पुलिस ने देर शाम तक इसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की।
वहीं दूसरी ओर रोडवेज बस अड्डे के एक कक्ष को चोरों ने अपना निशाना बना लिया। इसमें रोडवेज के सफाई कर्मचारी रहते हैं। यहां भी चोर कुछ ले जा नहीं सके। सफाई कर्मचारी अनिल कुमार ने बताया कि जब वह शनिवार सुबह आया, तो उसके कक्ष के ताले टूटे पड़े थे। एक अन्य घटना रोडवेज परिसर में स्थित एक दुकान में हुई। यहां भी चोरों ने दुकान का ताला तोड़ डाला, लेकिन सेंटर लॉक न टूट पाने की वजह से चोर कुछ ले जा नहीं सके। दुकान के थोड़ी दूर पर ही स्थित एक मंदिर के दानपात्र का ताला भी चोरों ने तोड़ दिया। दानपात्र बंद रहने के कारण नुकसान का पता नहीं लग सका। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ भी की।
.....................
नलकूप कर्मी के घर हुई चोरी भी 72 घंटे बाद खुलासा नहीं
नलकूप कर्मी के घर में हुई नकदी और गहनों की चोरी के मामले में पुलिस 72 घंटे बाद भी कोई खुलासा नहीं कर सकी है। बुधवार की शाम गंगा स्नान के लिए गए कोतवाली क्षेत्र के मौलागढ़ की मिलक निवासी प्रशांत के घर को चोरों ने अपना निशाना बनाया था और घर का जाल व ताले-तोड़कर नकदी और जेवर चुराकर ले गए थे। प्रशांत द्वारा दी गई तहरीर को पुलिस ने तोड़ मरोड़ कर मात्र 15 हजार रुपये दिखाकर दर्ज कर लिया था।