संभल। नखासा थाना क्षेत्र के गांव विशनपुर उर्फ मोअज्जमपुर के निवासी सतेंद्र (23) का अपने ही मक्का के खेत में शनिवार सुबह में शव मिला। एक दिन पहले युवक घर से निकला था। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाकर पुलिस को तहरीर दी है। एएसपी (उत्तरी) राजेश कुमार श्रीवास्तव ने घटनास्थल पहुंचकर मौका मुआयना किया है। उनका कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हकीकत सामने आएगी।
सतेंद्र के पिता नौबत सैनी ने बताया कि बेटा अमरोहा जनपद की सीमा के गांव सकतपुर के जंगल में किसानी करता था। वह जमीन में हिस्सेदारी करके फसल बो लेता था। इन दिनों धान की पौध बो रखी है। बृहस्पतिवार शाम घर से धान की पौध में पानी देने की बात कहकर ही निकला था। देर शाम फोन करके बताया कि खेत में पानी देने के बाद देर रात लौटेगा, लेकिन बेटा देर रात तक वापस नहीं लौट सका। इस पर फोन करके जानकारी करनी चाही पर फोन नहीं उठा। इससे उन्हें अनहोनी की चिंता हुई।
परिजनों ने शुक्रवार सुबह से ही उसकी तलाश शुरू कर दी। दिनभर तलाशने के बाद जब वह नहीं मिला तो शाम को देहपा चौकी पहुंचकर पुलिस को गुमशुदगी की तहरीर दी। इसके बाद शनिवार सुबह जब वे अपने खेत पर मक्का की फसल देखने पहुंचे थे तो सड़क किनारे उसकी बाइक खड़ी मिली। खेत के अंदर जाकर देखा तो पानी की नाली किनारे चप्पल भी रखे हुए थे। ढूंढते हुए अंदर जाकर देखा तो बेटा औंधे मुंह मक्का के खेत में पड़ा हुआ था। इस हालत में बेटे को देख चीख निकल गई और घर परिजनों को फोन करके सूचना दी।
युवक की मौत की खबर गांव में फैलते ही भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची। एएसपी उत्तरी राजेश कुमार श्रीवास्तव भी पहुंचे और फोरेंसिक टीम भी पहुंची। घटना स्थल से साक्ष्य एकत्रित किए गए हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। सतेंद्र छह बहन-भाइयों में तीसरे नंबर का था और अभी अविवाहित था। युवक की मौत से परिजन गमजदा है।
0000
युवक की बाइक मौके पर मिली है। चाबी भी जेब में थी। घटनास्थल का मुआयना किया गया है। फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हकीकत सामने आएगी। तभी आगे की कार्रवाई भी हो सकेगी।
राजेश कुमार श्रीवास्तव, एएसपी, संभल