चंदौसी। मंडी समिति के गेट के बाहर से साइकिल चोरी करते लोगों ने चोर को रंगे हाथ पकड़ लिया और जमकर धुनाई की। बाद में पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर मोहल्ला लक्ष्मण गंज में दुकानदार को गिरफ्तार का पांच अन्य साइकिल बरामद कर ली है। दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
बृहस्पतिवार की दोपहर करीब 12 बजे चंदौसी मंडी समिति गेट के पास युवकों की साइकिल खड़ी थी। वह पास में ही खोखे पर खड़े थे। इस दौरान एक युवक आया और साइकिल उठाकर चलने लगा। यह देखकर युवकों ने शोर मचा दिया और आरोपी को पकड़ लिया। अन्य लोग भी एकत्र हो गए और उसकी खूब पिटाई की। बाद में पुलिस को बुलाकर उसे सौंप दिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अनवर निवासी लक्ष्मणगंज बताया है। आरोपी से पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की, तो आरोपी ने बताया कि उसने पहले भी साइकिल चुराई और मोहल्ले में ही एक साइकिल दुकानदार के यहां पर खड़ी है। पुलिस आरोपी की निशानदेही पर मोहल्ला लक्ष्मणगंज में साइकिल दुकानदार पप्पू को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की दुकान से पुलिस ने छह साइकिल बरामद की है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ साइकिल चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।