बहजोई। तपती गर्मी में कई घंटे बाद लोगों को आधार कार्ड बनवाने के लिए टोकन नसीब हो सका। डाकघर पर भारी भीड़ के कारण लोगों के बीच टोकन के लिए मारामारी रही। वह तो गनीमत रही कि सूचना पर पुलिस पहुंच गई और टोकन वितरण की व्यवस्था ठीक हो गई।
बृहस्पतिवार को सुबह करीब साढ़े पांच बजे से ही नगर व ग्रामीण क्षेत्रों से लोग आधार कार्ड बनवाने व संशोधन करवाने के लिए टोकन लेने के लिए रेलवे रोड स्थित डाकघर परिसर में इकट्ठा होने लगे। धीरे-धीरे लोगों की संख्या बढ़ने लगी। देखते ही देखते सुबह करीब 10:45 बजे आलम यह हो गया कि डाकघर परिसर में लोगों की भीड़ इस कदर थी कि लोग आगे बढ़ने को एक-दूसरे से धक्का-मुक्की कर रहे थे। डाकघर के गेट तक पहुंचने को लोगों को खासी आपाधापी करनी पड़ रही थी। यहां आईं महिलाओं को और बुजुर्गों को काफी दिक्कतें उठानी पड़ीं।
वहीं, कुछ लोग डाकघर परिसर में जमीन पर बैठकर ही अपनी बारी आने का इंतजार करने लगे और कुछ लोग परिसर में बनी छत के जीने की सीढि़यों पर बैठे थे। उस समय तो हद ही हो गई, जबकि डाककर्मी ने लोगों को टोकन वितरण करना शुरू किया, तो लोग झपट्टा मारकर टोकन छीनने तक की कोशिश कर रहे थे। टोकन लेने को मारामारी शुरू हो गई। बाद में पुलिस के पहुंचने पर स्थिति कुछ नियंत्रण में हुई और डाककर्मियों की ओर से लोगों को टोकन देकर दूसरे रास्ते से बाहर निकाला गया।
करीब घंटे भर से अधिक प्रभावित रहे डाकघर के दूसरे काम
आधारकार्ड के लिए पहुंची भीड़ के चलते करीब घंटे भर से अधिक समय तक डाकघर में रजिस्ट्री समेत दूसरे काम प्रभावित रहे। डाककर्मियों का कहना था कि डाकघर खुलने पर लोगों की भीड़ ने धक्का-मुक्की कर काउंटर हिला दिए। इसके बाद पुलिस के पहुंचने पर टोकन वितरण का कार्य पूरी तरह से शुरू हो सका और डाकघर के दूसरे कार्य भी सुचारु हो गए।
सुबह से खड़े हैं आधार कार्ड बनवाने के लिए, भीड़ इतनी है कि मारामारी हो रही है। पुलिस आ जाए, तो व्यवस्था भी बन जाएगी और लोगों को आधार कार्ड के लिए टोकन आसानी से मिल जाएंगे।
-मोहम्मद अशफाक, मोहल्ला चितौरा रोड
अपनी बेटी के दाखिले के आधार कार्ड में संशोधन कराने के लिए आया हूं। बहुत परेशान हूं। मुझे नहीं लगता कि भीड़ के चलते आज टोकन मिल पाएगा। आधार कार्ड बनवाने के लिए दूसरे संस्थानों पर भी सुविधा दी जाए।
-नेत्रपाल, अभिभावक, गांव बिसारू
सुबह सात बजे से खड़े हैं। अब भीड़ इतनी हो गई, कि टोकन लेने को मारामारी झेलनी पड़ रही है। दूसरे केंद्रों पर भी व्यवस्था होती, तो आधार कार्ड आसानी से बन जाता।
-सीमा, गांव रंपुरा
सुबह छह बजे से आधार कार्ड बनवाने के लिए खड़े हैं। नंबर ही नहीं आ रहा। भीड़ के कारण परेशानी बढ़ती ही जा रही है। अधिकारी ध्यान दें और दूसरे स्थानों पर भी आधार कार्ड बनाए जाएं, तो आसानी से आधार कार्ड नसीब हो सकेंगे।
-कमलेश, रंपुरा
आधार कार्ड बनवाने व संशोधन के लिए लोगों को टोकन देने के लिए 15 मई का दिन तय था। इसके चलते लोगों की भीड़ रही। बावजूद इसके करीब ढाई हजार लोगों को 31 अगस्त तक के टोकन वितरण कर दिए गए।
नवीन कुमार अग्रवाल, डाकपाल, डाकघर, बहजोई