सौंधन। मामूली बात पर दो पक्षों में विवाद हो गया। इसमें जमकर मारपीट हुई और पथराव किया गया। एक महिला समेत तीन लोग घायल हो गए। विवाद की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भर्ती कराया है। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।
गांव बसला निवासी नंनुकी के एक बकरे की शनिवार की दोपहर अचानक मौत हो गई। इसी दौरान नंनुकी ने दूसरे पक्ष के व्यक्ति पर जहरीला पदार्थ देने का आरोप लगाया। इसी बात पर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। जमकर मारपीट हुई और पथराव किया गया। इसमें धर्मपाल, चमेली और अजय पाल घायल हुए हैं। काफी संख्या में एकत्र होकर थाने पहुंचे लोगों ने कार्रवाई की मांग की। खिरनी चौकी के प्रभारी नरेंद्र कुमार ने बताया कि दो पक्षों में मारपीट का मामला है। घायलों का मेडिकल कराया जा रहा है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।