संभल। नवरात्र और दशहरा के बाद बने पुष्य नक्षत्र योग पर जिले के कपड़ा और सराफा कारोबार में पंख लगेंगे। कारोबारियों का कहना है कि पिछले वर्ष के मुकाबले कारोबार इस बार अच्छा ज्यादा होने की उम्मीद है। कपड़ा और सराफा कारोबारियों के अनुसार इस बार 25 करोड़ से ज्यादा का कारोबार होने की उम्मीद है।
संभल, चंदौसी और बहजोई में कपड़ा और सराफा का त्योहार और शादियों के सीजन में अच्छा कारोबार होता है। इस बार भी कारोबारी इसी तैयारी के साथ बैठे हैं। नवरात्र और दशहरा पर अच्छा कारोबार हुआ है। संभल सराफा कमेटी के अध्यक्ष नरेंद्र अग्रवाल का कहना है कि कारोबार पुष्य नक्षत्र पर बाजार में ज्यादा खुशहाली रहेगी। पिछले वर्ष के मुकाबले काफी अच्छा कारोबार रहेगा। त्योहारों के अलावा शादियों का सीजन है। इसकी तैयारी कारोबारी कर चुके हैं।
क्या बोले कारोबारी
सोना-चांदी महंगा है, लेकिन इसका असर कारोबार पर नहीं है। लोग अपनी सहूलियत के हिसाब से खरीदारी कर रहे हैं। इस बार संभल का सराफा कारोबार चार से पांच करोड़ का होने की उम्मीद है। -नरेंद्र अग्रवाल, सराफा कमेटी के अध्यक्ष
त्योहारी सीजन है और इसके बाद सहालग शुरू हो जाएगा। पिछले वर्ष के मुकाबले कारोबार ज्यादा अच्छा रहेगा। संभल का ही कारोबार ढ़ाई से तीन करोड़ तक हो जाएगा। -नरेंद्र मदान, नगर महामंत्री, उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल, संभल
इस बार धनतेरस पर 10 करोड़ का कारोबार होने की उम्मीद है। कारोबारी पूरी तैयारी कर चुके हैं। त्योहारी सीजन के बाद सहालग शुरू होंगे। इसलिए इस बार अच्छा कारोबार हो जाएगा। -विनोद अग्रवाल, अध्यक्ष, सराफा एसोसिएशन चंदौसी
इस बार कपड़ा कारोबार चंदौसी में करीब दो करोड़ का होने का अनुमान है। इससे ज्यादा भी हो सकता है। त्योहार और सहालग एक साथ हैं। पिछले वर्ष कारोबार त्यादा बेहतर नहीं हुआ था। इस बार अच्छा रहेगा। -सुधीर अग्रवाल, अध्यक्ष, बजाजा कमेटी, चंदौसी