चंदौसी(संभल)। ग्रामीण क्षेत्रों में तो ड्रोन और चोरों का शोर मचने की अफवाह से ग्रामीण रात जाग कर काट रहे हैं। वहीं अब नगर के मोहल्ला हनुमानगढ़ी नई बस्ती में पिछले चार दिन से चोरों के आने का शोर मच रहा है। जिससे लोग रात जाग कर काटने को मजबूर हैं। रविवार रात भी लोगों ने चारपहिया वाहन से आधा दर्जन लोगों को देखने का दावा किया है। वहीं इस दौरान घेराबंदी करने पर दो फायर भी हुए हैं। ग्रामीणाें का कहना है कि चार दिन से वह छतों पर रह कर जाग कर रात गुजार रहे हैं।
हनुमानगढ़ी नई बस्ती के आसपास जंगल है। स्थानीय लोगों ने नाम ना छापने शर्त पर बताया कि चार दिन से यहां रात एक बजे के बाद बदमाशों की धमाचौकड़ी हो रही है। लोग छतों पर रह कर जाग कर पहरा दे रहे हैं। रविवार की रात पौने दो बजे करीब एक चारपहिया वाहन से आधा दर्जन लोग उतरे और जहां तहां घरों के आसपास टहलने लगे। यह देख छतों पर मौजूद लोगों ने शोर मचा दिया और डंडे लेकर घरों से बाहर आ गए। घेराबंदी करने पर बदमाशों की ओर से दो फायर भी किए गए। जिससे कोई भी वाहन के पास जाने का साहस नहीं कर सका। भीड़ एकत्र होने पर बदमाश भाग गए।
हरदोई के संदिग्ध युवक को पकड़ कर पुलिस को सौंपा
चंदौसी। कोतवाली क्षेत्र के मौजमपुर में रविवार की देर रात लोगों ने हरदोई के एक संदिग्ध युवक को पकड़ कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस युवक से पूछताछ कर रही है।
बता दें कि रविवार की रात करीब 12 प्रेम नगर कॉलोनी और मौजमपुर के बीच रेलवे ट्रैक पर लोगों ने एक संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। युवक ने अपना नाम साजिद निवासी हरदोई बताया। युवक ने बताया कि वह अलीगढ़ मजदूरी करने गया था और जब काम नहीं मिला तो वह ट्रेन से घर लौट रहा था। उसी समय प्रेमनगर में एक युवती की ट्रेन से कट कर मौत हो गई थी। ट्रेन रुकने पर काफी यात्री उतर कर ट्रैक के पास टहलने लगे तो वह भी उतर गया था और टहलते हुए ट्रेन से दूर चला गया। उसी समय अचानक ट्रेन चल दी। ट्रेन छूटने पर वह वहीं रह गया और वह पैदल ही स्टेशन की ओर जा रहा था। सख्ती से पूछने पर युवक ने बताया कि उसके साथ अब्दुल नाम का एक युवक और एक महिला थी। अब्दुल जगह-जगह जाकर चोरी करता है।
सूचना पाकर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और पुलिस उसे कोतवाली ले आई। प्रभारी निरीक्षक मोहित चौधरी ने बताया कि गांव-गांव चोर और ड्रोन की अफवाह फैल रही है। पकड़े गए युवक की ट्रेन छूट गई थी। शांतिभंग में कार्रवाई की जा रही है। संवाद