संभल। कैलादेवी थाना क्षेत्र के गांव शकरपुर में बृहस्पतिवार की रात बिजली का तार चोरी का मंगलवार को पुलिस ने खुलासा कर दिया। केयरटेकर ने ही तार बेचकर पुलिस को लूट की सूचना दी थी। पुलिस ने केयरटेकर समेत सात आरोपी गिरफ्तार कर 25 हजार रुपये नकद और 9.80 क्विंटल बिजली का तार बरामद किया है।
मंगलवार को एसपी विकास चंद्र त्रिपाठी ने बहजोई स्थित अपने कार्यालय में घटना का खुलासा किया। एसपी ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों में जिला गोरखपुर के थाना सिकरीगंज अंतर्गत गांव शनिपुर निवासी आनंद शुक्ला, जिला शामली निवासी अली खान, दिल्ली के सीलमपुर निवासी खुशनूद, मुरादाबाद के मैनाठेर निवासी पुष्पेंद्र, गलशहीद निवासी अरशद, संभल के नखासा थाना क्षेत्र के गांव केसोपुर भंडी निवासी गौतम सिंह शामिल हैं। केयरटेकर और गौतम सिंह ने ही तार बेचने की साजिश की थी।
बताया कि बृहस्पतिवार की रात को दो ड्रम तार, जिसमें करीब 30 क्विंटल तार था। वह वाहनों में भरवा दिया था लेकिन आरोपियों ने जब तय हुए दो लाख रुपये नहीं दिए तो ठेकेदार को लूट की सूचना दी। एसपी ने बताया कि प्राथमिक जांच पड़ताल में ही घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही थी। गहनता से जांच की गई तो हकीकत सामने आ गई। इसमें रुपयों के लालच में यह घटना कराई गई थी। आरोपियाें को कोर्ट में पेश किया गया जहां से जेल भेज दिया गया है।