सरायतरीन(संभल)। कैलादेवी थाना क्षेत्र के गांव खिरनी मोहिउद्दीनपुर में शुक्रवार को दोपहर में पुलिस चौकी से महज सौ मीटर की दूरी पर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। दो मंजिला मकान की खिड़की तोड़कर चोर अंदर घुस गए। इसके बाद संदूक के ताले तोड़कर डेढ़ लाख रुपये चोरी किए और निकल गए। शाम को घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस चौकी प्रभारी ने मौके पर जाकर जांच पड़ताल की। हालांकि पीड़ित ने तहरीर नहीं दी। गांव निवासी अलाउद्दीन ने बताया कि शुक्रवार को वह दोपहर में जुमे की नमाज अदा करने के लिए दुकान और कमरे को लॉक कर गांव सौंधन मोहम्मदपुर गए थे। इस बीच चोरों ने दुकान के पीछे की चारदीवारी को फांदकर दूसरी मंजिल पर कमरे में लगी खिड़की को तोड़ लिया और कमरे में रखे संदूक के ताले तोड़कर डेढ़ लाख रुपये चोरी कर लिए। घटना को अंजाम देकर चोर निकल गए। शाम को अलाउद्दीन पीने का पानी भरकर कमरे में रखने गया तो सामान बिखरा पड़ा था, संदूक के ताले टूटे थे। संदूक से रुपये गायब थे। इसकी सूचना चौकी प्रभारी को दी। पुलिस ने मौके पर आकर जांच पड़ताल की।
थाना प्रभारी सौरभ कुमार त्यागी ने कहा कि चोरी की घटना की कोई जानकारी नहीं है। अगर तहरीर दी जाती है तो कार्रवाई की जाएगी।