The young man was killed and beheaded
- फोटो : SAMBHAL
रजपुरा थाना क्षेत्र के गांव दीपपुर डांडा के जंगल में गवां-अनूपशहर मार्ग किनारे रविवार की दोपहर करीब तीन बजे युवक का शव मिला। आरोपी युवक की हत्या कर सिर ले गए। पुलिस टीम ने सिर की काफी तलाश की लेकिन असफल रही। एएसपी और सीओ अलोक सिद्धू मौके पर पहुंचे और उन्होंने जांच-पड़ताल की। फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्र किए। अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
एएसपी श्रीशचंद्र के अनुसार पशु चरा रहे ग्रामीणों ने शव की सूचना दी थी। शव करीब 25-26 वर्षीय युवक का है। आसपास ऐसी कोई निशानी भी नहीं मिली जो शिनाख्त में मददगार हो। कपड़ों की छानबीन के दौरान 60 रुपये मिले हैं। बताया कि हत्या कहीं और की गई है और शव यहां फेंका गया है। पैरों को टेप लगाकर बांधा गया है और हाथ भी कपड़े की बेल्ट से बंधे मिले हैं। इसके बाद ही सिर काटकर हत्या की गई होगी। टीम को छानबीन के लिए लगाया गया है। जिससे शव की पहचान हो सके और हत्या का खुलासा किया जा सके।
कपड़े देखकर किसी शहरी युवक का शव लग रहा है
संभल। युवक की गर्दन काटने के दौरान सीने पर भी वार करने के निशान दिखाई दे रहे हैं। गले में पहनने वाला एक धार्मिक लॉकेट मिला है। पुलिस उसके आधार पर भी पहचान कराने का प्रयास कर रही है। कपड़ों से माना जा रहा है कि युवक किसी शहर या कस्बे का हो सकता है।
टी-प्वाइंट पुलिस चौकी दो शव मिलने के बाद बनाई गई थी, अब भी मिल रहे शव
संभल। रजपुरा थाने की टी-प्वाइंट पुलिस चौकी का इलाका बुलंदशहर जिले की सीमा के नजदीक है। इस इलाके में 2018 के दौरान दो शव मिले थे। लूट के बाद दो लोगों की हत्या कर इस ही इलाके में शव फेंके थे। तत्कालीन एसपी ने इस इलाके की स्थिति को देखते हुए टी-प्वाइंट पुलिस चौकी को स्थापित कराया था। हालांकि इस पुलिस चौकी के बनने के बाद भी शव मिलने का सिलसिला थमा नहीं है। सात सितंबर को ही दो हत्याएं कर शव फेंके गए थे। बाद में पुलिस ने खुलासा किया था। अब बिना गर्दन के शव मिला है।
मौके पर मिले साक्ष्य को फॉरेंसिक टीम से एकत्र कराया गया है। हत्या कहीं और की गई है शव यहां फेंके जाने की आशंका है। फिलहाल अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट रजपुरा थाने में दर्ज कर ली गई है।
श्रीशचंद्र, एएसपी, संभल