चंदौसी। कोतवाली क्षेत्र के आवास विकास मयूर विहार कालोनी में युवक को बल्ले से जमकर पीटा। घटना का वीडियो बनाकर उसे वायरल कर दिया गया। पीड़ित के पिता की तहरीर पर पुलिस ने मारपीट के आरोपी चार युवकों के विरुद्ध एनसीआर दर्ज की है। पुलिस युवकों की तलाश कर रही है। घटना 11 जुलाई की बताई जा रही है।
पीड़ित युवक मारुफ के पिता मुकीम निवासी जारई गेट ने कोतवाली में दी तहरीर में कहा है कि मेरा पुत्र मारुफ 11 जुलाई को ट्यूशन पढ़कर आवास विकास कालोनी से घर लौट रहा था। तभी कुछ युवकों ने मेरे पुत्र के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।
मेरे पुत्र के विरोध करने पर उक्त युवकों ने बल्ले से मारपीट करनी शुरू कर दी और मारपीट का वीडियो बनाने लगे। जब उक्त युवकों से मेरे पुत्र को अयाज नामक युवक ने बचाने का प्रयास किया तो उसके साथ भी मारपीट की गई। आसपास के लोगों ने पहुंच मेरे पुत्र व अयाज को बचाया। घटना के बाद आरोपी युवकों ने मारपीट का वीडियो वायरल कर दिया। पिता मुकीम की तहरीर पर पुलिस ने धीरज निवासी गणेश कालोनी, शिव रावत निवासी घंटाघर, विशाल व निखिल के विरुद्ध एनसीआर दर्ज की है। पुलिस ने मारपीट व वीडियो वायरल करने वाले युवकों की तलाश में जुटी है।