चंदौसी (संभल)। कुढ़ फतेहगढ़ थाना क्षेत्र में रविवार शाम ससुराल से नाटकीय ढंग से लापता हुए आरिफ ने पत्नी और ससुराल वालों पर दबाव बनाने के लिए अपने अपहरण की झूठी कहानी रची थी। पुलिस के अनुसार युवक मानसिक रूप से बीमार बताया जा रहा है। उसका इलाज चल रहा है, इसकी जांच की जाएगी। मामला झूठा पाए जाने पर पुलिस को गुमराह करने के आरोप में कार्रवाई होगी।
थाना प्रभारी संजीव बालियान ने बताया कि बहजोई थाना क्षेत्र के गांव मिर्जापुर निवासी आरिफ शुक्रवार को कुढ़ फतेहगढ़ थाना क्षेत्र के गांव नगला पूर्वा ससुराल आया था। शनिवार की शाम वह खाना खाने के बाद वापस अपने घर लौट गया। लेकिन सुबह तक घर नहीं पहुंचा। रविवार सुबह उसकी बाइक और मोबाइल, जूते, गमछा और खून में सनी शर्ट नगला पूर्वा के जंगल में मिली थी। परिजनों ने उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई। मंगलवार को युवक अपने आप ही घर पहुंच गया। परिजनों ने पुलिस को उसके आने की सूचना दी। जिसके बाद पुलिस ने युवक को पूछताछ के लिए बुलाया। यहां युवक ने बताया कि ससुराल वाले उसकी पत्नी को साथ नहीं भेज रहे थे। इस लिए उसने दबाव बनाने के लिए ऐसा किया। शनिवार शाम उसका अपनी पत्नी से विवाद हुआ। जिसके बाद वह गुस्से में चला गया। उसने जंगल में अपनी बाइक और शर्ट, जूते, मोबाइल आदि सामान फेंक दिया। इसके बाद पैदल ही चंदौसी स्टेशन पहुंच गया। यहां से वह ट्रेन में बैठकर दिल्ली पहुंच गया। थाना प्रभारी संदीप बालिया ने बताया कि उसके परिवार वालों ने बताया कि युवक मानसिक रूप से बीमार है। उसका इलाज चल रहा है। पहले भी दो बार युवक गायब हुआ है। हालांकि युवक मानसिक बीमार है या नहीं, इसकी जानकारी की जा रही है। साथ ही यहां उसका इलाज चल रहा है, वहां भी जानकारी की जाएगी। अगर मामला झूठा मिलता है तो युवक पर कार्रवाई होगी।