चंदौसी रेलवे स्टेशन पर कायाकल्प कार्यों का निरीक्षण करती गति शक्ति मुरादाबाद की डिप्टी इंजीनियर
चंदौसी(संभल)। अमृत भारत रेलवे स्टेशन योजना के तहत रेलवे स्टेशन पर हो रहे कायाकल्प कार्य को शुरू हुए डेढ़ वर्ष से ज्यादा का समय हो गया है फिर भी प्लेटफॉर्म नंबर एक के उच्चीकरण का कार्य भी पूरा नहीं हुआ है। अन्य निर्माण कार्य भी अधर में लटके हैं। सोमवार को गति शक्ति की डिप्टी इंजीनियर सपना मीना ने कायाकल्प कार्य का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
अमृत योजना के तहत रेलवे स्टेशन पर चल रहे विकास कार्य को डेढ़ वर्ष से ज्यादा का समय बीत गया है। रेलवे स्टेशन के सौंदर्यीकरण के कार्य को जो गति मिलनी थी, वो नहीं मिल पाई। डेढ़ वर्ष से ज्यादा के समय में भी प्लेटफॉर्म नंबर एक के उच्चीकरण का ही कार्य पूरा नहीं हो पाया। प्लेटफार्म नंबर एक से दूसरे प्लेटफार्म तक जाने के लिए भी सिर्फ फुटओवरब्रिज का ढांचा ही तैयार हुआ है। मुख्य द्वार का सौंदर्यीकरण, संयुक्त प्रतीक्षालय, शौचालय, बैठने के लिए लॉज आदि निर्माण कार्य अधर लटके हैं।
सोमवार को गति शक्ति मुरादाबाद की डिप्टी इंजीनियर सपना मीना ने रेलवे स्टेशन पर हो रहे कायाकल्प कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य करवा रहे संबंधित ठेकेदार को जरूरी दिशा निर्देश दिए। बताया कि निर्माण कार्य में लापरवाही न बरती जाए। इस दौरान रेलवे स्टेशन के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।