बहजोई। जिले में संचालित कई परिषदीय विद्यालयों के ऊपर से होकर गुजर रही हाईटेंशन व लो टेंशन विद्युत लाइनें अभी तक नहीं हट सकी हैं। इसके चलते विद्यालय में पढ़ाई कर रहे विद्यार्थियों को हादसे का खतरा बना हुआ है। बावजूद इसके, जिम्मेदार हैं कि ध्यान ही नहीं दे रहे। यह हाल तब है जबकि शासन की ओर से विद्यालयों के ऊपर से इन विद्युत लाइनों को हटाए जाने के लिए धनराशि भी उपलब्ध करा दी गई है।
जिले में संचालित ब्लॉक पवांसा के गांव अजीमाबाद व महोरा लखुपुरा समेत करछली के कंपोजिट विद्यालय के ऊपर से होकर गुजर विद्युत लाइनें अभी तक नहीं हटाई गई हैं। इसके अलावा, ब्लॉक संभल के कस्बा सिरसी के मोहल्ला शर्की समेत गांव सलारपुर कलां समेत ईसापुर सानी, ततारपुर संदल, मझरा मोहम्मदपुर मालिनी के प्राथमिक विद्यालय, ततारपुर रोड व भारतल मदापुर के कंपोजिट विद्यालय मौज्जमपुर उर्फ विशनपुर, ब्लॉक बनियाखेड़ा के गांव भगतपुर मिर्जा, सोतीपुरा, गुरुगांव, मोहम्मद नगर कस्बा, गंदूपुरा व बेरीखेड़ा समेत भुलावई के पीएमश्री विद्यालय के ऊपर से होकर भी हाईटेंशन व लो टेंशन लाइन गुजर रही हैं। इसके अलावा, ब्लॉक असमोली के गांव नहरौला के प्राथमिक विद्यालय के ऊपर से होकर भी विद्युत लाइन गुजर रही है।
परिषदीय विद्यालयों के ऊपर से होकर गुजर रहीं विद्युत लाइनों को हटाए जाने के लिए शासन की ओर से विद्युत निगम को पहले ही धनराशि उपलब्ध करा दी गई है। अब इन विद्यालयों के ऊपर से होकर गुजर रहीं विद्युत लाइनों को जल्द हटाने के लिए विद्युत निगम के अधिकारियों को पत्र जारी किया जाएगा।
सचिन सक्सेना, जिला समंवयक, (निर्माण), जिला संभल