रजपुरा थाना क्षेत्र के गांव पानीवाड़ा में रविवार की रात हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिर गया जिससे गांव में करंट दौड़ गया। करंट की चपेट में आकर तीन पशुओं की मौत हो गई। पांच ग्रामीण भी करंट की चपेट में आ गए। उनका निजी अस्पताल में उपचार कराया गया है। घटना से ग्रामीणों में रोष है।
रजपुरा थाना क्षेत्र के गांव पानीवाड़ा निवासी किसान भूरे पुत्र डोरीलाल ने बताया कि उनकी पशुशाला के ऊपर से हाईटेंशन लाइन गुजर रही है। रविवार रात अचानक तार टूटकर गिर गया जिससे गांव में करंट दौड़ गया। करंट की चपेट में तीन भैंसों की मौत हो गई। उन्हें करीब ढाई लाख रुपये का नुकसान हुआ है। वहीं, गांव में नवाब सिंह, कमलेश, ओमकार, भूरी, रामवीर भी करंट की चपेट में आ गए जिनका उपचार निजी अस्पताल में चल रहा है। कई घरों के बिजली उपकरण भी फूंक गए।
ग्रामीणों का कहना है कि कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों से आए दिन होने वाले फाल्ट की शिकायत की गई लेकिन इसके बाद भी कोई सुनवाई नहीं हुई। इस घटना से ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति रोष व्याप्त है।
गांव के बाहर लगे ट्रांसफार्मर में फाल्ट हुआ और उससे ही करंट दौड़ा है। इसकी जांच कराई जा रही है। पशुओं का पोस्टमार्टम करा उनके स्वामियों को मुआवजा दिलाने की कार्रवाई की जाएगी।
विवेक कुमार, एसडीओ देहात, डिवीजन बबराला