संभल। जिले में जेल बनाए जाने की प्रक्रिया को तेजी मिली है। मुख्यमंत्री ने जेल बनाए जाने के निर्देश दिए हैं। जिला प्रशासन काफी समय पहले जमीन को चिह्ति कर चुका है और प्रस्ताव भी भेज दिया है। शासन की ओर से धन आवंटित होते ही प्रक्रिया में तेजी आएगी। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद उम्मीद है कि धन जल्द ही आवंटित हो जाएगा। जिला बने हुए तो 12 वर्ष करीब हो चुके हैं। अभी जिले में पुलिस लाइन और जेल नहीं है।
पुलिस लाइन की प्रक्रिया चल रही है। पीएसी बटालियन स्थापित किए जाने के लिए भी शासन की ओर से धन आवंटित हो चुका है। अब जेल बनाए जाने के लिए मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए हैं। हालांकि पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारियों ने काफी समय पहले ही बहजोई के नजदीक ही जेल बनाए जाने के लिए जमीन को चिह्ति कराया था। इस जमीन का प्रस्ताव भी शासन को भेजा जा चुका है। अभी तक संभल जिले के कैदी मुरादाबार कारागार भेजे जाते हैं। जिले में जेल बनने से पुलिस कर्मियों के लिए सहूलियत हो जाएगी। अभी दूसरे जिले को कैदी भेजने के लिए पुलिसकर्मियों को पूरा दिन लगना पड़ता है। वहीं दूसरी ओर मुरादाबाद कारागार में कैदियों की संख्या भी काफी है। नई जेल स्थापित होने से कैदियों को भी काफी हद तक सहूलियत मिलेगी।