संभल। गांव मोहम्मदपुर सौंधन में स्थित प्राचीन किले के आसपास हुए अवैध कब्जे हटाने का काम शनिवार को भी जारी रहा। सिटी मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार और संभल पालिका के ईओ मणिभूषण तिवारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। ग्रामीणों को जल्द से जल्द कब्जे हटाने के निर्देश दिए गए हैं।भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग (एएसआई) की पांच बीघा भूमि पर प्राचीन किला बना है। इसको संवारा भी जा रहा है। लंबे समय से इस किले के आसपास ग्रामीणों ने कब्जे कर लिए थे। मकानों के साथ पशुशाला तक बना ली थीं। इनको हटाने के लिए प्रशासन ने एएसआई के आग्रह पर कार्रवाई शुरू की है। जिला प्रशासन के आला अधिकारियों ने निरीक्षण के दौरान जल्दी कब्जे छोड़ने के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में ग्रामीण कब्जे हटाने में जुटे हैं। शुक्रवार को जमुना सिंह, कोमल और सत्यप्रकाश ने अपने अपने मकानों को तोड़ने का काम शुरू किया था। शनिवार को भी ग्रामीण तोड़फोड़ का काम करते दिखाई दिए।