धनारी। गांव भिरावटी के शांति यादव गर्ल्स इंटर कॉलेज के मैदान पर बुधवार को क्रिकेट टूर्नामेंट में टाइटंस और चैलेंजर्स टीम के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ। मुकाबले में टाइटंस टीम के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन कर तीन रन से जीत दर्ज कर ट्रॉफी अपने नाम की। टाइटंस टीम के उप कप्तान उत्तम यादव ने 50 रन बनाकर मैन ऑफ द मैच का खिताब अपने नाम किया।
शांति यादव गर्ल्स इंटर कॉलेज के मैदान पर बुधवार को आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट में टाइटंस टीम और चैलेंजर्स टीम के बीच मुकाबला हुआ। टूर्नामेंट की शुरुआत में पीटीआई दुर्गेश कुमार ने दोनों टीमों को खेल के नियम समझाकर मैच का शुभारंभ कराया। टॉस जीतकर टाइटंस टीम ने पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए टाइटंस टीम ने निर्धारित 10 ओवर में 100 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी चैलेंजर्स टीम 10 ओवर में 97 रन ही बना सकी और ऑलआउट हो गई। इस तरह टाइटंस टीम ने रोमांचक मुकाबले में जीत दर्ज की। विजेता टीम के खिलाड़ियों को कॉलेज के प्रधानाचार्य लाल सिंह यादव ने ट्रॉफी और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया और उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर कॉलेज प्रबंधक कमलेश यादव ने कहा कि खेल प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के शारीरिक विकास के साथ-साथ उनके आत्मविश्वास को भी मजबूत करती हैं।इस मौके पर विपिन कुमार, विवेक कुमार, सुरेश कुमार, धर्मेंद्र कुमार, राजेश कुमार, मोहित शर्मा, आरिफ अली, काली चरन, जुगेंद्र कुमार, पुष्पेंद्र कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।