संभल। हसनपुर मार्ग पर बदायूं दरवाजा में प्रशासन द्वारा 12 दुकानों को बुलडोजर से ध्वस्त कराने के मामले को लेकर किरायेदारों ने सोमवार को संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम को शिकायतीपत्र सौंपा। किरायेदारों ने डीएम से प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराकर भूमाफियाओं के खिलाफ कार्रवाई करने की गुहार लगाई।
दुकानों के किरायेदार मुशर्रफ अली, विकास अहमद, हसीब, महमूद, अनस आदि ने डीएम डॉ. राजेंद्र पैंसिया को सौंपे शिकायतीपत्र में कहा कि दुकानों के मालिकों और किरायेदारों के बीच न्यायालय में मुकदमा विचाराधीन है। तहसीलदार ने आठ अगस्त को मालिकों की जगह किरायेदारों को नोटिस दिए। 12 अगस्त को तहसीलदार कार्यालय में जवाब प्राप्त करा दिया। नोटिस का विधिवत निस्तारण नहीं किया गया और 13 अगस्त को तहसीलदार ने बलपूर्वक दुकानों को बुलडोजर से ध्वस्त करा दिया।
आरोप लगाया कि ऐसा प्रतीत हुआ कि कार्रवाई का मकसद सपा के एक पूर्व पदाधिकारी को लाभ पहुंचाना रहा। इस योजना में भाजपा का एक कथित फरार भूमाफिया समेत अन्य भी शामिल हैं। कहा कि गाटा संख्या 169/1 के स्वामित्व में सपा के पूर्व पदाधिकारी समेत अन्य का नाम दर्ज है। किरायेदारों ने डीएम से इस मामले की निष्पक्ष जांच किसी उच्च अधिकारी से कराकर न्याय दिलाने की गुहार लगाई। भूमाफियाओं के खिलाफ भी कार्रवाई करने की मांग की गई।