बबराला(संभल)। गुन्नौर ब्लाॅक क्षेत्र के गांव पाठकपुर में जलभराव की समस्या से निजात दिलाने के लिए नाले की खोदाई करने पहुंची टीम का घेराव कर खेत स्वामियों ने विरोध किया तो टीम बुलडोजर लेकर वापस लौट गई।
पाठकपुर निवासी महेंद्र पाल और सत्यपाल ने बताया कि गांव की आबादी के पास उनके खेत में गेहूं की फसल खड़ी है। इसी खेत के पास ग्राम पंचायत की ओर से नाले की खोदाई कराई जा रही थी, जिससे उनके खेत में खड़ी फसल को नुकसान हो सकता था। इस संबंध में उच्च अधिकारियों से शिकायत भी की गई।
बृहस्पतिवार को एडीओ प्रमोद कुमार और सचिव विवेक कुमार टीम के साथ बुलडोजर लेकर नाले की खोदाई कराने पहुंचे थे। करीब 20 मीटर तक एक तरफ खोदाई कर दी गई, लेकिन जब बुलडोजर गेहूं की फसल की ओर बढ़ा तो महिलाओं ने उसके सामने खड़े होकर विरोध करना शुरू कर दिया। इसके चलते टीम को बुलडोजर लेकर बिना खोदाई किए ही वापस जाना पड़ा।
ग्राम पंचायत सचिव विवेक कुमार ने बताया कि गांव में जलभराव की समस्या के कारण सड़कें भी खराब हो रही हैं। समस्या के समाधान के लिए नाले की खोदाई कराई जा रही है। जहां गेहूं की फसल खड़ी है, वहां फसल कटने के बाद ही आगे का कार्य कराया जाएगा। जिन लोगों की फसल खड़ी है उनके विरोध के चलते खोदाई कार्य फिलहाल रोक दिया गया है।