बनियाठेर(संभल)। मुरादाबाद हाईवे पर गांव रसूलपुर कैली के पास बृहस्पतिवार की शाम करीब चार बजे चंदौसी की ओर से जा रही कार ने बिलारी से चंदौसी आ रहे ई-रिक्शा में सामने से टक्कर मार दी। हादसे में ई-रिक्शा चालक की मौत हो गई, जबकि उसमें सवार एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद चालक कार छोड़कर फरार हो गया।
हाईवे पर कोतवाली चंदौसी क्षेत्र के मोहल्ला सीकरी गेट निवासी ई-रिक्शा चालक शिवकुमार उर्फ शिब्बू (30) बिलारी से कुछ सामान उतार कर अपने ई-रिक्शा से चंदौसी लौट रहे थे। चंदौसी-मुरादाबाद रोड पर गांव रसूलपुर कैली के निकट कुबेर फैक्टरी के पास सामने से तेज गति से आ रही कार ने ई-रिक्शा में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ई-रिक्शा चकनाचूर हो गया और चालक के अलावा उसमें सवार सुरजीत सड़क पर आ गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की जानकारी होने के बाद मौके पर पहुंची डायल 112 पुलिस व थाना पुलिस ने दोनों को सीएचसी चंदौसी पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। इलाज के लिए मुरादाबाद ले जाते समय कुंदरकी के पास शिव कुमार उर्फ शिब्बू की मौत हो गई, जबकि सुरजीत की हालत गंभीर बनी हुई है।
दिल्ली नंबर की जिस कार से हादसा हुआ है उसे मौके पर छोड़कर चालक फरार हो गया। थाना प्रभारी सचिन कुमार ने बताया कि हादसे में ई-रिक्शा चालक व उसमें सवार एक व्यक्ति कार की टक्कर से घायल हुए थे, जिनमें से एक की मौत हो गई। कार पुलिस ने कब्जे में ले ली है।। कार चालक की तलाश की जा रही है।